सऊदी अरब के रियाज़ में हो रहे वर्ल्ड डिफ़ेंस एक्सपो का रविवार को उद्घाटन हुआ। सऊदी रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने रविवार को क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की ओर से इस वर्ल्ड डिफेंस एक्सपो की शुरुआत की।
हाल ही में कई म्यूजिक कंसर्ट और शराब अड्डों को लेकर चर्चा में रहे सऊदी अरब के रियाज़ शहर में वर्ल्ड डिफेंस एक्सपो का यह दूसरा संस्करण था।
सऊदी शासक किंग सलमान के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन जनरल अथॉरिटी फॉर मिलिट्री इंडस्ट्रीज ने किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह शो 8 फरवरी तक चलेगा। इस कार्यक्रम को सऊदी के रक्षा उद्योग के लिए एक वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में अहम कदम माना जा सकता है।
रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने प्रदर्शनी का दौरा किया, जिसमें 75 से ज्यादा देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 773 से अधिक प्रदर्शकों के साथ-साथ कई सरकारी संस्थाओं और रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र की स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया।